खोजी पत्रकारिता के बाद समाज में उठी तीखी मांग; सिर्फ करियर और पैडलर्स पर कार्रवाई काफी नहीं, युवाओं की रगों में मौत घोलने वाले ठिकानों को जमींदोज करे प्रशासन!
गाडरवारा (विशेष खोजी रिपोर्ट):
‘आपकी आवाज़’ न्यूज़ नेटवर्क द्वारा गाडरवारा और नरसिंहपुर जिले में सक्रिय लाखों रुपये के गांजा और स्मैक तस्करी के काले साम्राज्य का भंडाफोड़ करने के बाद अब समाज का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। हमारी पिछली रिपोर्ट के बाद क्षेत्र के अनगिनत डरे और सहमे हुए परिवारों ने संपर्क कर अपना दर्द बयां किया है। प्रशासनिक दावों और सोशल मीडिया की वाहवाही वाली तस्वीरों से इतर जमीनी हकीकत यह है कि गाडरवारा की पूरी की पूरी युवा पीढ़ी इस जानलेवा दलदल में धकेली जा रही है।
बर्बाद होते घर, रोती मांएं; कम्युनिटी पर पड़ा सबसे घातक असर
गाडरवारा के कई मोहल्लों से आ रही खबरें दिल दहला देने वाली हैं। नशे की लत के कारण स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र और गरीब मजदूर तबके के युवा अपराध की राह पर बढ़ रहे हैं। परिजनों का कहना है कि जब तक पुलिस नशीले पदार्थों के मुख्य सप्लायर और फाइनेंसर (किंगपिन) पर हाथ नहीं डालती, तब तक उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित नहीं है। छोटे-मोटे पैडलर्स को जेल भेजने से सप्लाई चेन नहीं टूटती; एक जाता है, तो दूसरा खड़ा हो जाता है। असली जरूरत उन सफेदपोश मगरमच्छों के ठिकानों पर बुलडोजर चलाने की है, जो इस पूरे सिंडिकेट को पैसा और संरक्षण दे रहे हैं।
फेसबुक पर उठा जनसैलाब, जनता पूछ रही तीखे सवाल
‘आपकी आवाज़’ की खोजी रिपोर्ट को सोशल मीडिया पर लाखों लोगों ने देखा और साझा किया है। फेसबुक से लेकर सड़कों तक अब सिर्फ एक ही सवाल गूंज रहा है— आखिर स्थानीय खुफिया तंत्र (Intelligence) और पुलिस प्रशासन उन मुख्य ठिकानों और रसूखदारों पर कार्रवाई करने से क्यों बच रहा है, जहां से गाडरवारा की सीमाओं के भीतर यह जहर प्रवेश कर रहा है? जनता का स्पष्ट कहना है कि अब केवल फोटो खिंचवाने वाली गिरफ्तारियों से काम नहीं चलेगा, सीधे मास्टरमाइंड को सलाखों के पीछे देखना होगा।
‘आपकी आवाज़’ की प्रशासन को सीधी चेतावनी:
यह कोई सामान्य अपराध नहीं, बल्कि गाडरवारा की आने वाली नस्लों को खत्म करने की एक सोची-समझी साजिश है। जब तक नशे के इस अंतरराष्ट्रीय/अंतराज्जीय नेटवर्क के असली फाइनेंसर और रसूखदार सरगना का चेहरा बेनकाब नहीं होता, ‘आपकी आवाज़’ चुप नहीं बैठेगी। हम हर पीड़ित परिवार की आवाज बनकर सत्ता और प्रशासन से जवाब मांगते रहेंगे
